देश की राजधानी दिल्ली को उत्तर प्रदेश और बिहार के प्रमुख शहरों से जोड़ने के लिए हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर यानी बुलेट ट्रेन परियोजना पर काम तेजी से आगे बढ़ रहा है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने हाल ही में इस महत्वाकांक्षी परियोजना को लेकर बड़ा अपडेट दिया है, जिससे इन राज्यों के लाखों यात्रियों के लिए आवागमन बेहद आसान और सुगम होने वाला है। प्रस्तावित योजना के अनुसार, इस कॉरिडोर के पूरा होने के बाद दिल्ली से पटना की लगभग 1170 किलोमीटर की दूरी महज साढ़े चार घंटे में तय की जा सकेगी। वर्तमान में इस सफर में करीब 12 घंटे का समय लगता है। बुलेट ट्रेन की संभावित रफ्तार 250 किलोमीटर प्रति घंटे के आसपास रहने की उम्मीद है, जो इसे वंदे भारत और राजधानी जैसी ट्रेनों से कहीं अधिक तेज बनाएगी। इस कॉरिडोर का दायरा दिल्ली से शुरू होकर उत्तर प्रदेश के आगरा, कानपुर, लखनऊ, प्रयागराज और वाराणसी जैसे प्रमुख शहरों से होकर पटना तक जाएगा। रेल मंत्री के अनुसार, इस परियोजना से यात्रियों के समय में भारी बचत होगी। उदाहरण के तौर पर, दिल्ली से आगरा का 200 किलोमीटर का सफर केवल 58 मिनट में, दिल्ली से कानपुर 1 घंटे 50 मिनट में, जबकि लखनऊ की यात्रा 2 घंटे 12 मिनट में पूरी की जा सकेगी। इसके अलावा प्रयागराज तक पहुंचने में लगभग तीन घंटे और वाराणसी तक 3 घंटे 33 मिनट का समय लगने का अनुमान है। सरकार का मानना है कि मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर के बाद यह देश का अगला बड़ा बुलेट ट्रेन नेटवर्क होगा। इस परियोजना से न केवल परिवहन व्यवस्था आधुनिक होगी, बल्कि उत्तर प्रदेश और बिहार के धार्मिक और पर्यटन केंद्रों तक कनेक्टिविटी बढ़ने से निवेश, व्यापार और पर्यटन को भी नई गति मिलेगी। बुलेट ट्रेन का यह जाल दिल्ली-उत्तर प्रदेश-बिहार बेल्ट के करोड़ों लोगों के लिए एक आधुनिक और तेज परिवहन का सपना साकार करने जैसा है।