मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश समेत देश के 17 राज्यों के लिए भारी बारिश और तेज आंधी का अलर्ट जारी किया है। अगले कुछ घंटों में मौसम का मिजाज बिगड़ने की प्रबल संभावना है, जिसे देखते हुए प्रशासन और आम नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में आज भारी बारिश के साथ 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग के अनुसार, मेरठ, मुजफ्फरनगर, गाबादियाबाद, मुरादाबाद, गौतमबुद्ध नगर, आगरा, मथुरा, चित्रकूट, बांदा, सोनभद्र, मिर्जापुर, कानपुर, बदायूं, सीतापुर, बाराबंकी, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर, प्रयागराज और गोरखपुर सहित कई इलाकों में स्थिति चुनौतीपूर्ण हो सकती है। राजधानी लखनऊ में तापमान 33 डिग्री सेल्सियस से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।
इस व्यापक मौसम बदलाव का असर केवल उत्तर प्रदेश तक सीमित नहीं है। दिल्ली, बिहार, झारखंड, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, असम, सिक्किम और केरल में भी आंधी-तूफान और भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। पूर्वी भारत के राज्यों में बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है। कई स्थानों पर हवा की गति 60 से 65 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि निचले क्षोभमंडल स्तर पर बने चक्रवाती परिसंचरण और पश्चिम बंगाल व तटीय ओडिशा के पास विकसित हो रहे 'वेल मार्ड लो-प्रेशर एरिया' के कारण मानसून की गतिविधियां तेज हो गई हैं। पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन का खतरा बना हुआ है, जबकि मैदानी इलाकों में तेज हवाओं से जनजीवन प्रभावित हो सकता है। लोगों को सलाह दी गई है कि वे प्रतिकूल मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें और अनावश्यक यात्रा से बचें।