वाराणसी के चोलापुर थाना क्षेत्र के गोसाईपुर बखरा गांव में पुलिस ने अवैध शराब बनाने वाली एक बड़ी फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से होली के त्योहार से पहले अवैध शराब के कारोबार पर बड़ा प्रहार हुआ है।
पुलिस के अनुसार, उन्हें मुखबिर से सूचना मिली थी कि गांव के एक मकान में अवैध रूप से शराब तैयार की जा रही है। इस जानकारी पर सोमवार रात पुलिस ने संबंधित मकान पर अचानक छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान मकान से शराब बनाने के उपकरण, पैकेजिंग मशीनें, ड्रम और केमिकल बरामद किए गए। मौके से पुलिस ने लगभग 200 लीटर कच्ची शराब के साथ 15 पेटी तैयार शराब भी जब्त की है। पुलिस ने मकान मालिक अरुण पाल को मौके से गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने होली के त्योहार को ध्यान में रखते हुए भारी मात्रा में अवैध शराब तैयार की थी, जिसे ग्रामीण क्षेत्रों में खपाने की योजना थी। बरामद सामान और शराब को कब्जे में लेकर पुलिस ने मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा की गई इस छापेमारी से अवैध शराब माफियाओं में हड़कंप मच गया है। पुलिस का कहना है कि होली के दौरान अवैध गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए क्षेत्र में कड़ी निगरानी रखी जा रही है और भविष्य में भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।