वाराणसी के सारनाथ थाना क्षेत्र में गुरुवार दोपहर एक दुखद सड़क हादसे में बाइक सवार अधेड़ की जान चली गई। मृतक की पहचान शकील सिद्दीकी (50) के रूप में हुई है, जो जौनपुर जिले के जलालपुर थाना क्षेत्र के लहंग गांव के रहने वाले थे। पुलिस के अनुसार, घटना वाराणसी-गाजीपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर फूटहवानार के सामने हुई। शकील सिद्दीकी अपनी बाइक से चौबेपुर से वाराणसी की ओर आ रहे थे। तभी रास्ते में सड़क किनारे पुआल से लदी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़ी थी, जिससे उनकी बाइक अनियंत्रित होकर टकरा गई। हादसे में शकील गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत एंबुलेंस को सूचना दी और उन्हें इलाज के लिए नरपतपुर स्थित सीएचसी भिजवाया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सारनाथ के थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी ने बताया कि हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। इस घटना ने क्षेत्र में शोक की लहर पैदा कर दी है। पुलिस मामले की विधिक कार्रवाई में जुटी है।