उत्तर प्रदेश में मानसून एक बार फिर करवट लेने को तैयार है। मौसम विभाग ने प्रदेश के अलग-अलग जिलों में मानसून की वापसी को लेकर नया अपडेट जारी किया है, जिसके अनुसार बारिश का एक और दौर शुरू हो सकता है। फिलहाल पिछले कुछ दिनों से प्रदेश में बूंदाबांदी का सिलसिला थमा हुआ था, लेकिन अब मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल बन रही हैं।
प्रादेशिक मौसम केंद्र लखनऊ के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी राजस्थान के कुछ हिस्सों के साथ-साथ पंजाब और हरियाणा से शुरू हो चुकी है। उत्तर प्रदेश में भी मानसून की विदाई की तारीखें तय हो गई हैं। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बिजनौर में 27 सितंबर और आगरा में 28 सितंबर को मानसून की वापसी हो सकती है। इसके बाद बरेली में 29 सितंबर, झांसी में 30 सितंबर और मैनपुरी में 30 सितंबर को मानसून विदा ले सकता है। पूर्वी उत्तर प्रदेश की बात करें तो कानपुर और लखनऊ में 3 अक्टूबर, जबकि प्रयागराज, गोरखपुर और वाराणसी में 4 अक्टूबर तक मानसून की वापसी की संभावना है।
तापमान में बदलाव को लेकर मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि अगले दो दिनों तक अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा परिवर्तन नहीं होगा। हालांकि, उसके बाद तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है। 23 सितंबर को पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है, जबकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क रह सकता है। 24 सितंबर को पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर बारिश के आसार हैं। वहीं, 25 सितंबर को पूर्वी उत्तर प्रदेश के अनेक स्थानों और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है।