लखनऊ नगर निगम मुख्यालय में मंगलवार को सफाई व्यवस्था को लेकर भाजपा पार्षदों का आक्रोश देखने को मिला। महानगर वार्ड के पार्षद हरिश्चंद्र लोधी और गोमती नगर वार्ड के पार्षद कौशल पांडे सहित अन्य पार्षद नगर निगम मुख्यालय पहुंचे और सफाई का जिम्मा संभाल रही एलएसए कंपनी के विरुद्ध अपना विरोध दर्ज कराया।
पार्षदों ने आरोप लगाया कि एलएसए कंपनी की कथित लापरवाही के चलते शहर के कई वार्डों में सफाई व्यवस्था बदहाल हो चुकी है। पार्षदों का कहना है कि कंपनी न तो नियमित रूप से घरों और बाजारों से कूड़ा उठा रही है और न ही कचरा पड़ाव स्थलों की समुचित सफाई कर रही है। इससे जगह-जगह कूड़े के ढेर लग गए हैं, जिससे स्थानीय निवासियों को भारी गंदगी और दुर्गंध का सामना करना पड़ रहा है। पार्षदों के अनुसार, बार-बार शिकायतें करने के बावजूद कंपनी की कार्यप्रणाली में कोई सुधार नहीं हुआ है।
मंगलवार सुबह जब पार्षद हरिश्चंद्र लोधी, कौशल पांडे, मुसब्बिर अली मंशू और प्रियंका बाजपेई नगर आयुक्त गौरव कुमार से मिलकर अपनी शिकायत दर्ज कराने पहुंचे, तो वे कार्यालय में मौजूद नहीं थे। इसके बाद पार्षदों ने भाजपा नगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी से भेंट की और उन्हें सफाई व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं के बारे में विस्तार से अवगत कराया। इस पर आनंद द्विवेदी ने पार्षद दल के उपनेता मुन्ना मिश्रा से चर्चा कर शीघ्र बैठक बुलाने और समस्याओं के समाधान के लिए उचित कदम उठाने का आश्वासन दिया है।
भाजपा पार्षदों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि एलएसए कंपनी की कार्यप्रणाली में सुधार नहीं किया गया और उसे हटाने पर गंभीरता से विचार नहीं हुआ, तो वे नगर आयुक्त कार्यालय के बाहर पुनः धरना-प्रदर्शन करने के लिए विवश होंगे।