लखनऊ के चिनहट क्षेत्र में हालिया बारिश के बाद सड़कों के धंसने से स्थिति गंभीर हो गई है। चिनहट में रोलेक्स अपार्टमेंट के सामने सड़क का एक हिस्सा धंसने से लगभग 10 फीट चौड़ा और पांच फीट गहरा गड्ढा बन गया है, जो सीधे तौर पर सीवर मैनहोल के पास हो रहे सीपेज का परिणाम है। इसी तरह, हनुमान मार्केट चौराहे के पास भी मैनहोल के निकट सड़क धंसने से डेढ़ गुना डेढ़ का गड्ढा बन गया है, जबकि इसके 100 मीटर आगे एक अंडरग्राउंड नाले का चैंबर भी करीब 03 फीट अंदर धंस गया है। स्थानीय लोगों के अनुसार, इन समस्याओं की सूचना संबंधित विभागों जैसे पीडब्ल्यूडी, नगर निगम और जलकल को दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई भी अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा है। खतरे को देखते हुए एक स्थान पर ट्रैफिक पुलिस ने गड्ढे को घेर दिया है, जबकि अन्य स्थानों पर स्थानीय निवासियों ने बांस-लकड़ी लगाकर चेतावनी देने का प्रयास किया है। वहीं, सीतापुर रोड पर फ्लाईओवर के पास भी सड़क धंसने की घटना सामने आई है। बारिश के चलते गड्ढे में जलभराव होने से यह राहगीरों को दिखाई नहीं दे रहा था, जिसे देखते हुए स्थानीय लोगों ने वहां कुर्सी और झंडा रख दिया है ताकि वाहन चालकों को दूर से ही खतरे का आभास हो सके और कोई अनहोनी न हो। लगातार शिकायतों के बावजूद अधिकारियों की उदासीनता से स्थानीय लोग खासे परेशान हैं।