उत्तर प्रदेश में ग्रामीण स्तर पर इंटरनेट कनेक्टिविटी को नई गति देने और युवाओं के लिए रोजगार के द्वार खोलने के उद्देश्य से 'Project GANGA' का शुभारंभ किया गया है। मुख्यमंत्री ने 09 जून 2026 को इस महत्वकांक्षी पहल को लॉन्च किया, जिसका लक्ष्य गांवों तक हाई-स्पीड ब्रॉडबैंड की सुविधा पहुँचाना है। डिजिटल इंडिया के विजन को धरातल पर उतारने की दिशा में यह एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
इस परियोजना के पहले चरण में 21 जिलों को शामिल किया गया है। आने वाले समय में इसका विस्तार राज्य की सभी 57,000 ग्राम पंचायतों और लगभग 8,000 न्याय पंचायतों तक किया जाएगा। इसके माध्यम से सरकार का लक्ष्य 20 लाख परिवारों को हाई-स्पीड इंटरनेट से जोड़ना है। साथ ही, 8 से 10,000 डिजिटल सेवा प्रदाताओं (DSPs) को तैयार कर एक लाख से अधिक प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले 9 वर्षों में ई-ऑफिस, डीबीटी और ग्राम सचिवालय जैसी डिजिटल पहलों ने शासन और जनता के बीच की दूरी को कम किया है। 'Project GANGA' इस डिजिटल सशक्तिकरण का अगला चरण है। इस परियोजना के तहत स्थानीय युवाओं को तकनीकी, प्रबंधकीय और व्यावसायिक प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे वे डिजिटल सेवा प्रदाता के रूप में आत्मनिर्भर बन सकें। युवाओं को प्रोत्साहित करने के लिए मुख्यमंत्री युवा योजना के तहत 5 लाख रुपये तक के ब्याज मुक्त ऋण की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
इस पहल में महिला भागीदारी पर विशेष जोर दिया जा रहा है, जिसमें लगभग 50 प्रतिशत लाभार्थी महिलाएं होंगी। परियोजना का संचालन करने वाली संस्था के अनुसार, यह मॉडल पूरी तरह से जनहित के आधार पर काम करेगा। इसके माध्यम से डिजिटल शिक्षा, टेलीमेडिसिन, स्मार्ट कृषि और ई-गवर्नेंस जैसी सेवाएं सीधे गांवों तक पहुंचेंगी, जो उत्तर प्रदेश के ग्रामीण परिदृश्य में एक व्यापक सामाजिक और आर्थिक बदलाव ला सकती हैं। राज्य के वित्त मंत्री और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने इसे डिजिटल भविष्य की एक मजबूत नींव बताते हुए राज्य की प्रगति के लिए मील का पत्थर करार दिया है।