वन्यजीव प्रेमियों और प्रकृति की सैर करने वालों के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। इस बार उत्तर प्रदेश के टाइगर रिजर्व और नेशनल पार्क अपने निर्धारित समय से 15 दिन पहले ही पर्यटकों के लिए खोल दिए जाएंगे। अब सैलानी 15 नवंबर के बजाय 1 नवंबर से ही जंगल सफारी का आनंद ले सकेंगे। राज्य सरकार ने इस संबंध में वन विभाग को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए हैं और जल्द ही इसकी औपचारिक प्रक्रिया भी पूरी कर ली जाएगी। आधिकारिक आदेश जारी होते ही ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा भी शुरू कर दी जाएगी, ताकि पर्यटक अपनी यात्रा की योजना पहले से बना सकें।
प्रदेश में स्थित प्रमुख वन्यजीव पर्यटन स्थलों में दुधवा नेशनल पार्क, पीलीभीत टाइगर रिजर्व, कतर्नियाघाट और चित्रकूट का रानीपुर टाइगर रिजर्व शामिल हैं। ये स्थान हर साल बड़ी संख्या में पर्यटकों को आकर्षित करते हैं। सामान्यतः मानसून के दौरान जंगल के प्राकृतिक आवास को सुरक्षित रखने और वन्यजीवों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ये पार्क 15 जून से 14 नवंबर तक बंद रखे जाते हैं। बारिश के मौसम में जंगलों की कच्ची सड़कें खराब हो जाती हैं और वन्यजीवों के प्रजनन के लिए शांत वातावरण की आवश्यकता होती है।
इस वर्ष वन विभाग ने पर्यटकों को 15 दिन का अतिरिक्त समय देने का निर्णय लिया है, जिससे सफारी का रोमांच पहले शुरू हो सके। वन मंत्री के निर्देशों के अनुसार, वन विभाग ने पार्कों को समय से पहले खोलने के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। सड़क मरम्मत और अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने का काम तेजी से चल रहा है। प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ ही बुनियादी सुविधाओं का भी विस्तार किया जा रहा है, जैसे कि विभिन्न क्षेत्रों में 4 नए आरओबी और 4 पुलों का निर्माण कार्य, जिससे करीब 18 लाख की आबादी को लाभ मिलने की उम्मीद है।