अमरोहा के गजरौला थाना क्षेत्र स्थित तिगरी गंगा धाम में एक अंतिम संस्कार के दौरान स्थिति उस समय तनावपूर्ण हो गई जब दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प शुरू हो गई। फाजलपुर मोहल्ले से आए लोग यहां एक व्यक्ति के अंतिम संस्कार की रस्मों में शामिल होने के लिए एकत्र हुए थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अंतिम संस्कार की प्रक्रिया के दौरान किसी बात को लेकर दो पक्षों में पहले तीखी बहस हुई। वहां मौजूद लोगों ने मामले को शांत करने का प्रयास किया, लेकिन देखते ही देखते विवाद गहरा गया और लोग लाठी-डंडे लेकर एक-दूसरे पर हमलावर हो गए। इस अचानक हुए संघर्ष से वहां मौजूद अन्य लोग भयभीत होकर इधर-उधर भागने लगे। आरोप है कि इस दौरान चिता से शव को हटाकर दोनों पक्ष मारपीट में जुट गए, जिससे अंतिम संस्कार की प्रक्रिया बुरी तरह प्रभावित हुई।
इस हंगामे का एक वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में लोग हाथों में लाठी-डंडे लेकर संघर्ष करते हुए साफ देखे जा सकते हैं। इस घटना में 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनमें से एक की हालत नाजुक बताई जा रही है। सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस फिलहाल संघर्ष में शामिल लोगों की पहचान करने और विवाद के कारणों का पता लगाने में जुटी है।