आगामी त्योहारों के मद्देनजर यात्रियों की सुविधा के लिए उत्तर मध्य रेलवे ने कमर कस ली है। दुर्गा पूजा, दशहरा, दिवाली और छठ पूजा के दौरान ट्रेनों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए रेलवे ने अभी से विशेष ट्रेनों के संचालन का खाका तैयार कर लिया है। इस कदम से यात्रियों को कंफर्म बर्थ मिलने में आसानी होगी और सफर सुगम बनेगा।
रेलवे प्रशासन ने फिलहाल सात जोड़ी स्पेशल ट्रेनों के चलने का ऐलान किया है, जो प्रयागराज और सूबेदारगंज स्टेशनों से संचालित होंगी। इनमें उधना, साबरमती, वलसाड, दादर, इंदौर और वेरावल जैसे व्यस्त रूटों को शामिल किया गया है। उत्तर मध्य रेलवे के वरिष्ठ जनसंपर्क अधिकारी अमित मालवीय के मुताबिक, प्रयागराज जंक्शन से उधना के लिए गाड़ी संख्या 04105/04106 एक अक्तूबर से 30 नवंबर तक हर गुरुवार और रविवार को चलेगी।
इसी तरह, प्रयागराज से साबरमती के लिए गाड़ी संख्या 04179/04180 तीन अक्तूबर से 29 नवंबर तक प्रत्येक शनिवार और मंगलवार को उपलब्ध रहेगी। दादर के लिए गाड़ी संख्या 04139/04140 दो अक्तूबर से 29 नवंबर तक प्रत्येक शुक्रवार को चलेगी, जबकि वेरावल के लिए गाड़ी संख्या 04173/04174 का संचालन एक अक्तूबर से 27 नवंबर तक प्रत्येक गुरुवार को होगा।
सूबेदारगंज से वलसाड के लिए गाड़ी संख्या 04119/04120 तीन अक्तूबर से 29 नवंबर तक प्रत्येक शनिवार को चलाई जाएगी और इसी रूट की गाड़ी संख्या 04177/04178 छह अक्तूबर से 25 नवंबर के बीच प्रत्येक मंगलवार को चलेगी। सूबेदारगंज से उधना के बीच गाड़ी संख्या 04155/04156 का संचालन 19 अक्तूबर से 27 नवंबर तक प्रत्येक सोमवार और गुरुवार को होगा। इसके अलावा, सूबेदारगंज से दादर के लिए गाड़ी संख्या 04175/04176 चार अक्तूबर से 24 नवंबर के बीच प्रत्येक रविवार को, और इंदौर के लिए गाड़ी संख्या 04169/04170 दो अक्तूबर से 28 नवंबर तक प्रत्येक शुक्रवार और सोमवार को यात्रियों की सेवा में उपलब्ध रहेगी। अन्य व्यस्त मार्गों पर भी जल्द ही अतिरिक्त ट्रेनों का एलान किया जाएगा।