इटावा में समाजवादी पार्टी के प्रमुख राष्ट्रीय महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखे हमले किए हैं। शहर में आयोजित एक फाउंडेशन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए प्रो. यादव ने मीडिया से चर्चा करते हुए आरोप लगाया कि प्रदेश में इस समय डर का माहौल बना हुआ है। उन्होंने दावा किया कि गुंडा और गैंगस्टर एक्ट के नाम पर लोगों को निशाना बनाया जा रहा है, जिससे आम नागरिक सहमे हुए हैं। सपा महासचिव ने प्रदेश की स्थिति को 'अघोषित आपातकाल' की संज्ञा दी। उन्होंने आरोप लगाया कि मुकदमे दर्ज होने और जेल जाने के भय के कारण लोग अपनी बात कहने से भी कतरा रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने पुलिस कार्रवाई के तरीकों पर भी गंभीर सवाल खड़े किए। प्रो. यादव ने यह भी दावा किया कि दबाव का असर न्याय व्यवस्था और जेलों की व्यवस्था तक पर पड़ रहा है। केंद्र सरकार की नीतियों पर निशाना साधते हुए उन्होंने ब्रिक्स सम्मेलन और पहलगाम हमले को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यदि आतंकी हमले नहीं रुक रहे हैं तो कूटनीतिक सफलता के दावों पर सवाल उठना स्वाभाविक है। वहीं, आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर उन्होंने विश्वास जताया कि सपा की स्थिति बेहद मजबूत है और भाजपा उनके मुकाबले टिक नहीं पाएगी।