उत्तर प्रदेश के बिजनौर में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक लापता दंपत्ति के शव दो अलग-अलग जगहों से बरामद किए गए हैं। पति की पहचान छोटू के रूप में हुई है, जबकि पत्नी का नाम सुषमा बताया गया है। इस घटना ने स्थानीय पुलिस और प्रशासन के सामने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस के अनुसार, दंपत्ति 14 तारीख को घर से लापता हो गए थे, जिसके बाद उनकी तलाश शुरू की गई। भारी बारिश और खराब दृश्यता के कारण रात में सर्च ऑपरेशन को रोकना पड़ा था, लेकिन अगली सुबह गंगा नदी के पास सुषमा का शव मिला। इसके बाद पास के ही जंगल में तलाशी के दौरान छोटू का शव पेड़ से लटका हुआ पाया गया।
जांच में एक बेहद असामान्य जानकारी सामने आई है, जिसके अनुसार छोटू अपनी पत्नी की सलवार पहने हुए था। पुलिस के अनुसार, दोनों के शव अर्धनग्न अवस्था में मिले थे। इन परिस्थितियों ने पुलिस को जांच की दिशा नए सिरे से तय करने पर मजबूर कर दिया है। फिलहाल, मौके पर एक FORENSIC TEAM पहुंची थी, जिसने दोनों स्थानों का बारीकी से निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने भी घटनास्थल का दौरा किया और अब तक की गई कार्रवाई का जायजा लिया। पुलिस अब उस पूरे घटनाक्रम को जोड़ने की कोशिश कर रही है, जो दंपत्ति के लापता होने से लेकर शव मिलने तक घटित हुआ। फिलहाल पुलिस पोस्ट-मॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, ताकि मौत के सही कारणों का पता चल सके। परिवार की ओर से दी गई शिकायत और पोस्टमॉर्टम के तथ्यों के आधार पर आगामी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यदि आप या कोई परिचित मानसिक स्वास्थ्य संकट में हैं, तो राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 1800-891-4416 पर कॉल करें।