लखनऊ एयरपोर्ट पर उस समय हड़कंप मच गया जब अगरतला से दिल्ली जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E6504 के पायलट ने इमरजेंसी घोषित कर दी। उड़ान के दौरान पायलट को विमान के कार्गो हिस्से में आग लगने का संदेह हुआ, जिसके बाद एहतियात बरतते हुए विमान को लखनऊ डायवर्ट करने का निर्णय लिया गया। शाम 6:29 बजे पायलट द्वारा इमरजेंसी घोषित किए जाने के बाद विमान 6:31 बजे सुरक्षित रूप से लखनऊ हवाई अड्डे पर उतर गया। विमान के लैंड करते ही एयरपोर्ट पर फुल इमरजेंसी लागू कर दी गई और 6:33 बजे विमान को बे पर पार्क किया गया। 6:35 बजे तक सभी यात्रियों को सुरक्षित विमान से बाहर निकाल लिया गया। इसके तुरंत बाद की गई गहन तकनीकी जांच में यह स्पष्ट हुआ कि विमान के कार्गो में आग जैसी कोई स्थिति नहीं थी। 6:39 बजे यह पुष्टि हो गई कि आग का संदेह महज एक फॉल्स अलार्म था, जिसके बाद हवाई अड्डे पर घोषित इमरजेंसी को वापस ले लिया गया। इस पूरे घटनाक्रम के दौरान करीब 10 मिनट तक स्थिति गंभीर बनी रही। फिलहाल विमान की सुरक्षा जांच की जा रही है और तकनीकी टीम मामले की पड़ताल में जुटी है। यात्रियों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था को लेकर एयरलाइन की ओर से अभी कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।