लखनऊ के पारा थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात एक दुखद सड़क हादसा हुआ। बुद्धेश्वर चौराहे के पास बाइक सवार दो युवकों को एक अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में 25 साल के एक युवक की जान चली गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया है।
मृतक युवक की पहचान दीपक वर्मा के रूप में हुई है, जो बीकेटी क्षेत्र के रैथा गांव का निवासी था। दीपक बंथरा स्थित एक निजी कंपनी में पैकिंग का कार्य करता था। परिजनों के अनुसार, सोमवार रात वह अपने दोस्त अभिषेक के साथ काम निपटाकर बाइक से घर वापस लौट रहा था। रात करीब 3 बजे जैसे ही वे बुद्धेश्वर चौराहे के निकट पहुंचे, एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी और घायलों को ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया। बताया जा रहा है कि वहां इलाज न मिल पाने के कारण परिजन उन्हें एक निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने दीपक को मृत घोषित कर दिया। उसके साथी अभिषेक का उपचार चल रहा है। इस घटना से दीपक के परिवार में मातम पसर गया है। वह दो भाइयों में बड़ा था।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि वे आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रहे हैं ताकि टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन की पहचान की जा सके। फिलहाल, पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई करने की बात कह रही है।