उत्तर प्रदेश सरकार ने राज्य के विकास और औद्योगिक विस्तार को गति देने के लिए कैबिनेट बैठक में 23 महत्वपूर्ण प्रस्तावों को स्वीकृति दी है। इन फैसलों के तहत मथुरा जिले के छाता क्षेत्र में एक बड़ा इथेनॉल प्लांट स्थापित किया जाएगा। लगभग 200 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस प्लांट की वार्षिक उत्पादन क्षमता 3.96 करोड़ लीटर निर्धारित की गई है।
यह प्रस्तावित प्लांट गन्ने के साथ मक्का और धान का उपयोग कर इथेनॉल तैयार करेगा। सरकार के अनुसार, यह एक एक्सटेंशन प्लांट के रूप में विकसित होगा जो साल में करीब 11 महीने संचालित रहेगा। इस परियोजना के लिए कुल 96 एकड़ भूमि उपलब्ध कराई गई है, जो राष्ट्रीय राजमार्ग के निकट होने के साथ ही नोएडा एयरपोर्ट से भी मात्र 40 मिनट की दूरी पर स्थित है। भविष्य में इस क्षेत्र में गन्ने की उपलब्धता बढ़ने पर शुगर फैक्ट्री और ऊर्जा प्लांट भी लगाए जाने की योजना है।
इस परियोजना का इतिहास देखें तो छाता में लगभग 19 साल पहले एक शुगर फैक्ट्री बंद हो गई थी, जिसे अब फिर से इस क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ाने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है। सरकार का मानना है कि इस प्लांट के शुरू होने से न केवल इथेनॉल उत्पादन को बल मिलेगा, बल्कि स्थानीय स्तर पर हजारों लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा इस वर्ष ही इस महत्वपूर्ण परियोजना का शिलान्यास किया जाएगा। कैबिनेट के इस निर्णय से मथुरा के औद्योगिक परिदृश्य में बदलाव आने की प्रबल संभावना है।