मौसम विभाग (IMD) ने उत्तर प्रदेश के विभिन्न इलाकों में आगामी दिनों के लिए मौसम संबंधी अलर्ट जारी किया है। नवीनतम पूर्वानुमान के अनुसार, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के क्षेत्रों में 19-25 सितंबर तक बारिश होने की संभावना है। राज्य के मौसम के मिजाज को देखते हुए स्थानीय प्रशासन और आम जनता को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। पूर्वानुमान के मुताबिक, 19-20 और 23-25 सितंबर के दौरान पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी बारिश हो सकती है। उत्तर भारत के अन्य राज्यों की बात करें, तो 19-25 सितंबर के दौरान उत्तराखंड में छिटपुट बारिश के आसार हैं। इसी तरह, 24 सितंबर को जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में तथा 19-21 सितंबर के दौरान हिमाचल प्रदेश में बारिश होने की संभावना जताई गई है। इस बार मॉनसून के विदाई का समय निकट है। IMD के अनुसार, दक्षिण पश्चिम मॉनसून 19 सितंबर को पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों से वापस जा चुका है। अगले कुछ दिनों में पंजाब, सौराष्ट्र और कच्छ के इलाकों से भी मॉनसून के हटने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बन रही हैं। दूसरी ओर, बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने के कारण देश के अन्य राज्यों में भी मौसम प्रभावित होगा। 21 सितंबर को पूर्वी मध्य बंगाल की खाड़ी में अवदाब और 22 सितंबर को पश्चिमी मध्य बंगाल की खाड़ी में गहन अवदाब बनने की प्रबल संभावना है। छत्तीसगढ़ में 19-23 सितंबर के दौरान आंधी-तूफान और बिजली गिरने का अलर्ट भी जारी किया गया है। मौसम विभाग ने बारिश और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने का आग्रह किया है।