उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास को वैश्विक पटल पर नई पहचान दिलाने के लिए ग्रेटर नोएडा में यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो के चतुर्थ संस्करण की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इंडिया एक्सपो मार्ट में 25 से 29 सितंबर तक आयोजित होने वाले इस बड़े कार्यक्रम का शुभारंभ गृहमंत्री अमित शाह के हाथों प्रस्तावित है। यह ट्रेड शो प्रदेश को निवेश केंद्र के रूप में स्थापित करने के साथ ही निवेशकों, उद्यमियों और खरीदारों को एक साझा मंच प्रदान करेगा।
इस आयोजन में प्रदेश की औद्योगिक क्षमताओं को विभिन्न हॉल में प्रदर्शित किया जाएगा। हॉल-1 में इन्वेस्ट यूपी और यूपीडा की मौजूदगी रहेगी। हॉल-3 में यूपीसीडा, नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट और यीडा अपनी भागीदारी सुनिश्चित करेंगे। हॉल-4 में प्रदेश की विकास गाथा दिखेगी, जबकि हॉल-5 में सूचना प्रौद्योगिकी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग की गतिविधियां केंद्रित होंगी। हॉल-6, 7 और 8 में सिंचाई, पर्यटन, कौशल विकास, स्वास्थ्य और बैंकिंग जैसे विभिन्न सरकारी विभागों और क्षेत्रों को स्थान दिया गया है।
सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) और एक जिला एक उत्पाद (ओडीओपी) की भूमिका को देखते हुए हॉल-9 और 10 में विशेष व्यवस्था की गई है। हॉल-11 और 12 में पशुपालन, कृषि, खाद्य प्रसंस्करण और डेयरी विकास जैसे क्षेत्रों को प्रदर्शित किया जाएगा। निर्यात और लॉजिस्टिक्स को बढ़ावा देने के लिए हॉल-14, 15 और 16 में वस्त्र, हथकरघा, खेल और वेयरहाउसिंग से जुड़े उद्यमी अपने उत्पादों को खरीदारों के सामने प्रस्तुत करेंगे। वहीं, हॉल-17 में क्रेडाई और परिवहन क्षेत्र के हितधारकों को जगह दी गई है। यह आयोजन प्रदेश के उत्पादों को देश-विदेश के बाजारों तक पहुंचाने के लिए एक मजबूत सेतु का कार्य करेगा।