बलिया के रेवती थाना क्षेत्र स्थित दुर्जनपुर पुरानी बस्ती में एक दुखद हादसे ने पूरे परिवार की खुशियां छीन लीं। रविवार सुबह अपने घर में खेल रही नौ वर्ष की बच्ची परिधि घर में लगे बिजली के पंखे के संपर्क में आ गई। पंखे में करंट उतरने की वजह से वह बुरी तरह झुलस गई और अचेत होकर जमीन पर गिर गई। अचानक हुए इस हादसे से घर में चीख-पुकार मच गई। परिजन आनन-फानन में बच्ची को सोनबरसा स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहाँ से चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति देखते हुए उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही मासूम ने दम तोड़ दिया। जिस घर में सुबह तक बच्ची की खिलखिलाहट गूंजती थी, वहां अब मातम पसरा हुआ है। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण पीड़ित परिवार के घर पहुंचने लगे और हर कोई इस घटना से स्तब्ध है। रेवती थानाध्यक्ष अनिल सिंह ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की गई है। एक छोटी सी चूक ने हंसते-खेलते परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।