मेरठ में भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने चुनावी तैयारियों को लेकर अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को मेरठ पहुंचे। सुभारती विश्वविद्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम में 4800 शक्ति केंद्र संयोजकों और मंडल अध्यक्षों के साथ संवाद का आयोजन किया गया है।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश की राजनीतिक बिसात पर पार्टी अपनी पकड़ और मजबूत करना चाहती है। रालोद के साथ गठबंधन के बावजूद पार्टी जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं को एकजुट करने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ना चाहती। सुभारती विश्वविद्यालय में आयोजित दो दिवसीय दौरे के दौरान पार्टी अध्यक्ष विभिन्न संगठनात्मक बैठकों में हिस्सा ले रहे हैं। सोमवार को 2000 से ज्यादा युवाओं के साथ 'युवा संवाद' कार्यक्रम हुआ, जिसमें रोजगार, स्टार्टअप और राजनीति में भागीदारी जैसे विषयों पर चर्चा की गई। पार्टी नेतृत्व का स्पष्ट मानना है कि आगामी विधानसभा चुनाव और लोकसभा चुनाव में युवाओं की भूमिका निर्णायक होगी।
कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष बूथ स्तर तक की चुनावी तैयारियों की समीक्षा कर रहे हैं। इस आयोजन में प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के साथ कई वरिष्ठ भाजपा नेता भी उपस्थित हैं। सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और कार्यक्रम स्थल के आसपास ड्रोन संचालन पर पूर्ण प्रतिबंध है। इसके अलावा, मेरठ में दिल्ली-देहरादून हाइवे पर बुलडोजरों के जरिए स्वागत करने की तस्वीरें भी चर्चा का विषय बनी रहीं।
मंगलवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष सहारनपुर के लिए प्रस्थान करेंगे। मेरठ प्रवास के दौरान वे प्रसिद्ध औधड़नाथ मंदिर के दर्शन भी करेंगे। पार्टी सूत्रों के अनुसार, 11:30 बजे युवा संवाद और दोपहर 1:30 बजे शक्ति केंद्र संयोजक सम्मेलन के लिए विस्तृत कार्यक्रम निर्धारित किए गए थे, जिसमें मीडिया के लिए भी सीमित समय सुनिश्चित किया गया। आगामी चुनावों की रणनीति तैयार करने के लिए पश्चिमी क्षेत्र के 19 संगठनात्मक जिलों और 71 विधानसभा क्षेत्रों के कार्यकर्ताओं को विशेष निर्देश दिए गए हैं।