लखनऊ सहित देशभर में बैंकिंग सेवाओं पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने 28 से 30 सितंबर 2026 तक तीन दिन की देशव्यापी हड़ताल का आह्वान किया है। इस प्रस्तावित हड़ताल के मद्देनजर भारतीय स्टेट बैंक (SBI) ने अपने ग्राहकों को अलर्ट जारी करते हुए जरूरी सावधानियां बरतने की सलाह दी है। बैंक प्रशासन का कहना है कि वे आवश्यक सेवाओं को सुचारू बनाए रखने का हरसंभव प्रयास करेंगे, लेकिन ग्राहकों को होने वाली असुविधा को देखते हुए उन्हें पहले से तैयार रहने को कहा गया है। रविवार को बैंक कर्मचारियों द्वारा सोशल मीडिया के माध्यम से भी इस संबंध में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। हड़ताल की शुरुआत से पहले लखनऊ में कर्मचारी संगठनों की सक्रियता बढ़ गई है। आगामी 22 सितंबर को लखनऊ में बैंक कर्मचारियों द्वारा धरना दिया जाएगा, जबकि 25 सितंबर को बड़े स्तर पर प्रदर्शन और रैली का आयोजन किया गया है। इन कार्यक्रमों का सीधा असर बैंकिंग कार्यों पर पड़ना तय है। ऐसी स्थिति में, ग्राहकों को सलाह दी गई है कि वे अपने जरूरी लेनदेन, जैसे चेक क्लीयरेंस और ड्राफ्ट से संबंधित कार्य 28 सितंबर से पहले ही निपटा लें। नकदी की किसी भी आपातकालीन आवश्यकता के लिए नजदीकी ATM या ऑटोमेटेड डिपॉजिट कम विड्रॉल मशीन (ADWM) का समय रहते उपयोग करना उचित रहेगा। बैंक ने स्पष्ट किया है कि शाखाओं पर निर्भरता कम करने के लिए ग्राहकों को इंटरनेट बैंकिंग, YONO ऐप, मोबाइल बैंकिंग और UPI जैसे डिजिटल माध्यमों का अधिक से अधिक उपयोग करना चाहिए। इसके अलावा, बैंकिंग सेवाओं के लिए नजदीकी ग्राहक सेवा केंद्रों की मदद भी ली जा सकती है। बैंक प्रबंधन ने हड़ताल के कारण ग्राहकों को होने वाली संभावित असुविधा के लिए खेद व्यक्त किया है और इस चुनौतीपूर्ण समय में सहयोग की अपील की है।