उत्तर प्रदेश की बढ़ती आर्थिक साख और स्थानीय उत्पादों को वैश्विक पहचान दिलाने के उद्देश्य से आगामी 25 से 29 सितंबर तक ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो का आयोजन किया जा रहा है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों के नाम एक पाती लिखी है, जिसमें उन्होंने सभी युवाओं, विद्यार्थियों और भावी उद्यमियों को इस महत्वपूर्ण आयोजन का हिस्सा बनने के लिए आमंत्रित किया है.
वर्ष 2023 में शुरू हुए इस ट्रेड शो ने राज्य के उत्पादों को एक बड़ा मंच प्रदान किया है. मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि प्रदेश में डबल इंजन सरकार बनने के बाद रोजगार सृजन उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रही है. ODOP और MSME जैसी योजनाओं के माध्यम से 4 करोड़ से अधिक रोजगार के अवसर पैदा हुए हैं. सरकार की इन पहलों की सफलता को देखते हुए अब ODOC की शुरुआत भी की गई है.
उत्तर प्रदेश के बारे में चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य ने अपनी पुरानी छवि को पीछे छोड़कर खुद को एक उत्सव प्रदेश के रूप में स्थापित किया है. आज यूपी की अर्थव्यवस्था विकास की नई गाथा लिख रही है. प्रदेश का निर्यात दो लाख करोड़ से अधिक का हो गया है और निवेश का लक्ष्य 15 लाख करोड़ के पार पहुंच चुका है. राज्य में निवेश बढ़ने से युवाओं के लिए रोजगार के नए द्वार खुल रहे हैं.
मुख्यमंत्री ने युवाओं और नवोदित उद्यमियों का आह्वान किया कि वे इस ट्रेड शो में पहुंचकर नए बाजारों और अवसरों की तलाश करें. स्थानीय उत्पादों की ताकत को विश्व स्तर पर ले जाने के लिए युवाओं की सक्रिय भागीदारी जरूरी है. उन्होंने विश्वास जताया कि प्रदेश के लोग इस कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेंगे और उत्तर प्रदेश को विश्वपटल पर छा जाने के लिए अपना योगदान देंगे. यदि आप या कोई परिचित मानसिक स्वास्थ्य संकट में हैं, तो राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 1800-891-4416 पर कॉल करें।