उत्तर प्रदेश में पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए शासन द्वारा 35 IPS अधिकारियों का तबादला किया गया है। इस सूची में DCP, SP, अपर पुलिस अधीक्षक और अन्य वरिष्ठ पदों पर तैनात अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
वर्ष 2014 बैच की IPS अधिकारी चारू निगम अब सेनानायक, 47वीं वाहिनी PAC, गाजियाबाद के रूप में अपनी सेवाएं देंगी। इससे पहले वह पुलिस अधीक्षक, यूपी-112, लखनऊ के पद पर तैनात थीं।
तबादला सूची के अनुसार, कई अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की तैनाती में भी बदलाव हुआ है। श्रवण कुमार सिंह को DCP कानपुर नगर से DCP गौतमबुद्धनगर भेजा गया है, जबकि प्रमोद कुमार अब SP साइबर मुख्यालय, लखनऊ की जिम्मेदारी संभालेंगे। इसी प्रकार रवि शंकर निम को DCP गौतमबुद्धनगर से सेनानायक, 2वीं वाहिनी SSF, गोरखपुर के पद पर तैनात किया गया है।
अतुल शर्मा-II को DCP आगरा से SP अभिसूचना मुख्यालय, लखनऊ और सोनम कुमार को DCP आगरा से DCP प्रयागराज भेजा गया है। रविन्द्र कुमार अब DCP आगरा की कमान संभालेंगे, जबकि नीरज कुमार पाण्डेय SP पुलिस मुख्यालय, प्रयागराज के रूप में अपनी सेवाएं देंगे। सूची में ममता रानी चौधरी, मो. इरफान अंसारी, साद मिया खां और सैय्यद अली अब्बास जैसे कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं, जिन्हें नई तैनाती दी गई है।
इस फेरबदल में वर्ष 2022 बैच के अधिकारियों को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां मिली हैं। इनमें देवेश चतुर्वेदी, विवेक तिवारी, सुमित सुधाकर रामटेक, अरीबा नोमान, मनोज कुमार यादव, रिजुल, गौतम राय और मोविस टांक के नाम शामिल हैं। इन अधिकारियों को अंबेडकरनगर, बाराबंकी, संभल, कानपुर नगर, आगरा, गाजियाबाद, बिजनौर और सोनभद्र में तैनात किया गया है। इसके अलावा 2016 से 2021 बैच के कई अन्य अधिकारियों का भी स्थानांतरण किया गया है। यह प्रशासनिक बदलाव राज्य की कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से किए गए हैं।