उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव करते हुए 34 IAS अधिकारियों का स्थानांतरण किया है। इस फेरबदल के तहत प्रदेश के 14 जिलों के जिलाधिकारियों (DM) को बदल दिया गया है। राज्य सरकार की ओर से जारी तबादला सूची में जिला स्तर के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ-साथ कई महत्वपूर्ण पदों पर भी नए अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। हाल ही में यूपी में 10 IAS अफसरों का तबादला किया गया था, जिसके बाद यह एक और बड़ा प्रशासनिक निर्णय है।
सोमवार को जारी आदेश के अनुसार, जिन जिलों के जिलाधिकारी बदले गए हैं, उनमें हरदोई, मुरादाबाद, एटा, अमेठी, कुशीनगर, कानपुर नगर, संतकबीरनगर, पीलीभीत, बलिया, बागपत, महोबा, बिजनौर, हाथरस और हमीरपुर शामिल हैं। स्थानांतरण सूची के मुताबिक, अनुनय झा को हरदोई से हटाकर मुरादाबाद का जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है, जबकि राहुल पांडेय को हरदोई की कमान सौंपी गई है। इसी तरह, एम. अरुणमोली को एटा, संजय चौहान को कुशीनगर, महेंद्र सिंह तंवर को कानपुर नगर, आलोक कुमार को पीलीभीत, ज्ञानेंद्र सिंह को बलिया, शशांक चौधरी को अमेठी, दिव्यांशु पटेल को बागपत, प्रभास कुमार को महोबा, उमेश प्रताप सिंह को बिजनौर, सत्य प्रकाश पटेल को हाथरस और अशोक कुमार को हमीरपुर का जिलाधिकारी बनाया गया है।
प्रशासनिक फेरबदल केवल जिलाधिकारियों तक सीमित नहीं रहा। हिमांशु कौशिक को मुरादाबाद नगर निगम का नगर आयुक्त नियुक्त किया गया है। विजय कुमार सिंह को मिर्जापुर और संतोष बहादुर सिंह को मैनपुरी का मुख्य विकास अधिकारी बनाया गया है। इसके अलावा, विशाल कुमार को गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण का मुख्य कार्यपालक अधिकारी, विजय कुमार को आगरा विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष और शैलेंद्र भाटिया को यूपीईडा का अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी बनाया गया है। अन्य नियुक्तियों में गजल भारद्वाज को इन्वेस्ट यूपी का अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी, नितिन मदान को यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण का अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी और जसजीत कौर को उत्तर प्रदेश इलेक्ट्रॉनिक्स कॉरपोरेशन का प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है। जितेंद्र प्रताप सिंह राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद के निदेशक और नेहा बंधु को विकसित भारत रोजगार और आजीविका गारंटी मिशन का अपर आयुक्त बनाया गया है। सूची में अन्य अधिकारी भी शामिल हैं।