गोरखपुर के राजघाट क्षेत्र स्थित खोखरटोला में जमीन विवाद को लेकर हुए हंगामे के बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। इस मामले में कथित तौर पर जमीन कब्जाने और मारपीट के आरोपी सपा नेता जफर अमीन डक्कू को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, घटना की शुरुआत मंगलवार को हुई थी जब सपा नेता जफर अमीन डक्कू और शहर सपा अध्यक्ष शब्बीर कुरैशी अपने समर्थकों के साथ खोखरटोला पहुंचे। आरोप है कि वहां मौजूद महिला के विरोध के बावजूद वे जमीन पर लगे टिनशेड और पाइप हटाने लगे थे। इस दौरान कहासुनी और मारपीट हुई। पीड़ित महिला का आरोप है कि उसने विरोध किया तो उसे जान से मारने की धमकी दी गई। शहाना खातून नाम की महिला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह करीब 70 वर्षों से इस मकान में रह रही है और मामला अभी न्यायालय में विचाराधीन है।
पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर सपा नेता जफर अमीन डक्कू और शहर सपा अध्यक्ष शब्बीर कुरैशी सहित अन्य के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस ने मंगलवार देर रात डक्कू को उनके घर से हिरासत में लिया था। वहीं, अन्य फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस ने चार टीमें गठित की हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बाकी आरोपितों को भी जल्द गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई पूरी की जाएगी।
उधर, सपा नेताओं ने इस कार्रवाई को राजनीतिक दबाव में लिया गया कदम बताया है। पार्टी नेताओं का दावा है कि पुलिस ने डक्कू को हिरासत में लेने के बाद उन्हें कहीं और ले जाकर शांति भंग के आरोप में जेल भेज दिया। सपा जिला इकाई ने इस घटना की सूचना पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व को भी दे दी है। वहीं, मामले की जांच के दौरान पुलिस टीम ने महानगर अध्यक्ष शब्बीर कुरैशी के घर की भी तलाशी ली है। पुलिस अब अन्य आरोपियों की धरपकड़ के लिए दबिश दे रही है और पूरे घटनाक्रम की बारीकी से पड़ताल की जा रही है।