कौशांबी जिले के सिराथू स्थित कड़ा धाम के कालेश्वर घाट पर गंगा नदी का जलस्तर फिर से बढ़ गया है। पिछले एक सप्ताह से नदी के जलस्तर में गिरावट दर्ज की जा रही थी, लेकिन गुरुवार को अचानक हुए इस बदलाव ने स्थानीय निवासियों की चिंताएं बढ़ा दी हैं। आधिकारिक जानकारी के अनुसार, जलस्तर में करीब एक फुट की बढ़ोतरी देखी गई है।
राहत की बात यह है कि गंगा का पानी अभी भी खतरे के निशान से नीचे बह रहा है, जिससे वर्तमान में किसी बड़े संकट की स्थिति नहीं है। प्रशासन और स्थानीय लोग स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
तीर्थ पुरोहित संजीत त्रिपाठी ने बदलते जलस्तर को देखते हुए घाट पर आने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय निवासियों को सतर्क रहने की सलाह दी है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे नदी के गहरे पानी में स्नान करने से परहेज करें और सुरक्षा के दृष्टिगत केवल निर्धारित बैरिकेडिंग के भीतर ही स्नान करें। प्रशासन ने स्थिति सामान्य रहने तक घाट पर सावधानी बरतने के निर्देश दिए हैं।