उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी चुनावी बिसात बिछानी शुरू कर दी है। पार्टी के भीतर चल रही तमाम अटकलों पर विराम लगाते हुए भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री और यूपी प्रभारी विनोद तावड़े ने स्पष्ट किया है कि आगामी 2027 का विधानसभा चुनाव सीएम योगी आदित्यनाथ की कप्तानी में ही लड़ा जाएगा। दो दिवसीय दौरे पर राजधानी लखनऊ पहुंचे तावड़े ने साफ तौर पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कुशल मार्गदर्शन में पार्टी यूपी में एक बार फिर जीत दर्ज करेगी।
पार्टी की चुनावी तैयारियों की समीक्षा करने पहुंचे तावड़े ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्षी दल केवल भ्रम फैलाने का काम कर रहे हैं। इस दौरान उन्होंने सपा के पीडीए पर तंज कसते हुए उसे पराया धन अपना बताया। जानकारों का मानना है कि भाजपा आगामी चुनावों में महिला सुरक्षा को एक प्रमुख मुद्दा बनाने की तैयारी में है। पार्टी की रणनीति महिला उत्पीड़न और सुरक्षा से जुड़े उन सवालों को जनता के बीच ले जाने की है जो पूर्व की सपा सरकार के कार्यकाल में चर्चा में रहे थे।
अपनी यात्रा के दौरान विनोद तावड़े ने भाजपा के वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों से मुलाकात की। शनिवार देर शाम उन्होंने दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक के आवास पर जाकर प्रदेश की जनकल्याणकारी योजनाओं और संगठन की भावी रणनीतियों पर व्यापक चर्चा की। रविवार को तावड़े की अध्यक्षता में भाजपा कोर कमेटी की बैठक भी प्रस्तावित है, जिसमें पार्टी के क्षेत्रीय प्रभारियों और अध्यक्षों के साथ मिलकर चुनाव की आगे की दिशा तय की जाएगी। इससे पहले भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी स्पष्ट कर चुके हैं कि संगठन योगी आदित्यनाथ के चेहरे पर ही जनता के बीच जाएगा। कुल मिलाकर भाजपा नेतृत्व ने स्पष्ट संकेत दे दिए हैं कि यूपी में आगामी मिशन के लिए उनकी कमान पूरी तरह से मुख्यमंत्री योगी के हाथों में होगी।