लखनऊ के बीबीडी इलाके में शनिवार शाम एक दुखद घटना सामने आई, जिसमें पांच वर्षीय बच्चे की गड्ढे में गिरने से जान चली गई। जानकारी के अनुसार, बच्चा अपने दोस्त के साथ घर के पीछे गया था, जहाँ बारिश और नाली के पानी से भरे करीब चार फीट गहरे गड्ढे में पैर फिसलने से वह डूब गया। उसे आनन-फानन में बाहर निकाला गया और परिजन इलाज के लिए तुरंत अस्पताल ले भागे।
परिजनों ने बताया कि रास्ते में रेलवे क्रॉसिंग का फाटक बंद होने के कारण करीब 20 मिनट तक एम्बुलेंस या वाहन फंसा रहा, जिससे कीमती समय नष्ट हुआ। इसके बाद दूसरी व्यवस्था कर वे बच्चे को लेकर चिनहट सीएचसी पहुंचे। आरोप है कि वहां से रेफर किए जाने के बाद जब वे लोहिया अस्पताल पहुंचे, तो डॉक्टरों ने उसे देखने से मना कर दिया। अंततः शहीद पथ स्थित मातृ व शिशु अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि क्षेत्र में जलभराव और खुले गड्ढे बड़ी समस्या बने हुए हैं, जबकि रेलवे क्रॉसिंग का अक्सर बंद रहना आपातकालीन स्थितियों में जानलेवा साबित हो रहा है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस को मौके पर पहुंचने में देरी का सामना करना पड़ा। बताया गया है कि सही लोकेशन न मिल पाने के कारण पुलिस को घटनास्थल तक पहुंचने में करीब 3 घंटे का समय लगा। जब पुलिस पहुंची, तब तक परिजन अंतिम संस्कार की तैयारी कर चुके थे। इस पूरे मामले में परिजनों ने अस्पतालों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं।