उत्तर प्रदेश की आंगनबाड़ी सेविकाओं के लिए राहत भरी खबर है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य में आंगनबाड़ी सेविकाओं का मानदेय बढ़ाने की घोषणा की है। इस फैसले के तहत, अब मानदेय को 8000 रुपये से बढ़ाकर 12000 रुपये कर दिया गया है। अयोध्या में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान CM योगी ने यह बड़ी घोषणा की।
इस अवसर पर सीएम योगी ने पिछली सरकारों की व्यवस्थाओं पर निशाना साधते हुए कहा कि 2017 से पहले आंगनबाड़ी केंद्रों की स्थिति काफी दयनीय थी। उन्होंने बताया कि किस प्रकार उस समय पोषाहार और रेसिपी जैसी बुनियादी सुविधाएं भी केंद्रों तक सही ढंग से नहीं पहुंच पाती थीं, जिसका खामियाजा आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं को भुगतना पड़ता था। सीएम ने कहा कि अब व्यवस्था को पूरी तरह से सुधारा गया है और सरकार महिलाओं के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है।
सीएम योगी ने अयोध्या के विकास कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि 10 वर्ष पहले की अयोध्या में बुनियादी सुविधाओं का अभाव था और बिजली आपूर्ति के लिए भी जनता को काफी संघर्ष करना पड़ता था। उन्होंने कहा कि आज अयोध्या ने विकास की नई ऊंचाइयों को छुआ है, जिसमें सड़कों का चौड़ीकरण, रेलवे का विस्तार और इंटरनेशनल एयरपोर्ट का निर्माण प्रमुख है। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि तमाम विरोधों के बावजूद सरकार ने अयोध्या को एक आधुनिक और सोलर सिटी के रूप में विकसित किया है, जहां अब श्रद्धालुओं और निवासियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध हैं।