लखीमपुर खीरी के सिंगाही थाना क्षेत्र में प्रशासन ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए अवैध निर्माण को ढहा दिया है। सिंगाही इलाके में एक 65 वर्षीय व्यक्ति पर चार साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म का आरोप है। घटना सामने आने के बाद से ही स्थानीय ग्रामीणों में भारी नाराजगी थी और वे लगातार आरोपी के घर को गिराने की मांग कर रहे थे।
पुलिस के अनुसार, रविवार की सुबह आरोपी बच्ची को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद प्रशासन ने राजस्व विभाग की मदद से जमीन की पैमाइश की, जिसमें पाया गया कि आरोपी का घर ग्राम पंचायत की सरकारी जमीन पर अवैध रूप से खड़ा किया गया था।
बुधवार की सुबह भारी पुलिस बल और राजस्व अधिकारियों की मौजूदगी में प्रशासन का बुलडोजर मौके पर पहुंचा। इस कार्रवाई के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। एसडीएम, तहसीलदार और पुलिस क्षेत्राधिकारी की देखरेख में अवैध निर्माण को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया। मौके पर शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सिंगाही, निघासन, तिकुनिया और पड़वा थानों की फोर्स के साथ-साथ पीएसी के जवानों को तैनात किया गया था। इस कार्रवाई ने क्षेत्र में कड़ा संदेश दिया है।